“अगस्त माह में टिकट चेकिंग अभियान के दौरान 24,434 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पाए गए।”
- kakkar.news
- September 2, 2026
- Punjab Railways
फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान, अगस्त में 24,434 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते पकड़े
फिरोजपुर, 2 सितंबर 2026 (अनुज कक्कड़ टीनु)
फिरोजपुर मंडल के रेलवे टिकट चेकिंग दल द्वारा ट्रेनों में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए लगातार टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। अगस्त 2026 के दौरान मंडल में चलाए गए टिकट चेकिंग अभियान के दौरान कुल 24,434 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पकड़े गए।
रेलवे द्वारा इन यात्रियों से जुर्माने के तौर पर 2.17 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व वसूल किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध करवाना तथा बिना टिकट या अनधिकृत यात्रा पर रोक लगाना है।
इसके अलावा, रेलवे स्टेशनों को साफ-सुथरा बनाए रखने और यात्रियों को गंदगी फैलाने से रोकने के लिए भी फिरोजपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर नियमित जांच की जा रही है। अगस्त माह के दौरान स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने के मामले में 166 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उनसे 69 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि टिकट जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बिना टिकट या अनधिकृत यात्रा करने वाले यात्रियों के कारण वैध यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें और रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
