फिरोजपुर मंडल द्वारा रेल वन ऐप के प्रचार हेतु जागरूकता अभियान आयोजित।
- 17 Views
- kakkar.news
- February 11, 2026
- Punjab
फिरोजपुर मंडल द्वारा रेल वन ऐप के प्रचार हेतु जागरूकता अभियान आयोजित।
फिरोजपुर 11 फरवरी 2026 (अनुज कक्कड़ टीनु)
आज दिनांक 11.02.2026 को वाणिज्य निरीक्षकों श्री बलविंदर सिंह, श्री नितिन देवगन और श्री दलजीत सिंह द्वारा अमृतसर स्थित बी.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, घी मंडी में “रेल वन ऐप” के प्रचार-प्रसार हेतु एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को रेल वन ऐप की विशेषताओं एवं उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई और उन्हें बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से टिकट खरीदने पर 3 प्रतिशत का बोनस मिलता है। वाणिज्य निरीक्षकों की टीम द्वारा डेमो देकर बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से यात्री टिकट बुकिंग, ट्रेन की समय-सारणी, पीएनआर स्टेटस, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस तथा अन्य महत्वपूर्ण रेलवे सेवाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक रेलयात्रियों को रेल वन ऐप के उपयोग के लिए जागरूक करना है ताकि वे डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को अधिक सुविधाजनक एवं आरामदायक बना सकें। विद्यालय प्रशासन एवं विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की। वाणिज्य निरीक्षकों की टीम ने विद्यालय प्रशासन एवं विद्यार्थियों से अनुरोध किया कि वे अधिक से अधिक लोगों को “रेल वन ऐप” के लाभों के बारे में जागरूक करें तथा उन्हें इसका अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।
मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार ने बताया कि फिरोजपुर मंडल यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर ग्राहक सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत तकनीक आधारित सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
