फिरोजपुर मंडल की बड़ी उपलब्धि: अमृतसर स्टेशन पर मिला ₹51.61 लाख का विज्ञापन अनुबंध
- 13 Views
- kakkar.news
- March 26, 2026
- Punjab
फिरोजपुर मंडल की बड़ी उपलब्धि: अमृतसर स्टेशन पर मिला ₹51.61 लाख का विज्ञापन अनुबंध
फिरोजपुर 26 मार्च 2026 (अनुज कक्कड़ टीनु)
फिरोजपुर मंडल में ई-ऑक्शन के माध्यम से अमृतसर रेलवे स्टेशन पर पहली बार विज्ञापन अनुबंध का सफल आवंटन किया गया है। गैर-किराया राजस्व बढ़ाने की दिशा में, अमृतसर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर विज्ञापन अनुबंध का सफल आवंटन एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अनुबंध का कुल मूल्य लगभग ₹51.61 लाख रुपये है। इस पहल के तहत स्टेशन पर आधुनिक ग्लो साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे न केवल स्टेशन का आकर्षण बढ़ेगा, बल्कि यात्रियों को बेहतर विजुअल अनुभव भी मिलेगा। ई-नीलामी के माध्यम से पारदर्शी तरीके से किए गए इस आवंटन से रेलवे को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी, जिसे यात्री सुविधाओं के विकास में उपयोग किया जाएगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि रेलवे का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को आरामदायक, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि फिरोजपुर मंडल आगे भी इस तरह के नवाचारों के माध्यम से राजस्व बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
