रेलवे अस्पताल फिरोजपुर में पी.आर.पी. थेरेपी की शुरुआत, मरीजों को मिलेगी आधुनिक इलाज सुविधा।
- 19 Views
- kakkar.news
- May 16, 2026
- Punjab Railways
रेलवे अस्पताल फिरोजपुर में पी.आर.पी. थेरेपी की शुरुआत, मरीजों को मिलेगी आधुनिक इलाज सुविधा।
फिरोजपुर, 16 मई 2026 (अनुज कक्कड़ टीनु)
मंडल रेलवे अस्पताल फिरोजपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पी.आर.पी. (प्लेटलेट रिच प्लाज्मा) थेरेपी की शुरुआत की गयी है। इस नई तकनीक के माध्यम से मरीजों का इलाज उनके अपने प्लेटलेट्स से किया जाएगा, जिससे शरीर की प्राकृतिक हीलिंग प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा।
विशेषज्ञ ऑपरेटिंग सर्जन डॉ. अमित शेरसिया ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल के मार्गदर्शन में मंडल रेलवे अस्पताल फिरोजपुर में इस आधुनिक थेरेपी को शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि यह थेरेपी शरीर की प्राकृतिक और बायोलॉजिकल हीलिंग प्रक्रिया पर आधारित है। इसमें मरीज के अपने खून से प्लेटलेट्स तैयार कर प्रभावित हिस्से में इंजेक्ट किए जाते हैं, जिससे ग्रोथ फैक्टर्स तेजी से कार्य करते हैं और मरीज को प्राकृतिक तरीके से राहत मिलती है।
डॉ. शेरसिया ने बताया कि यह थेरेपी विशेष रूप से ऑस्टियोआर्थराइटिस, टेनिस एल्बो, गोल्फर्स एल्बो, घुटनों के आगे के दर्द, एड़ी के दर्द, लिगामेंट एवं खेलों से जुड़ी चोटों, रोटेटर कफ टियर के कारण कंधे के दर्द जैसी बीमारियों में काफी लाभकारी साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस उपचार के लिए देश के प्रमुख अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाले उपकरणों और विशेष किटों का उपयोग किया जा रहा है। अस्पताल में पहले ही दिन पांच मरीजों का सफलतापूर्वक उपचार किया गया।
रेलवे अस्पताल में इस नई सुविधा की शुरुआत से क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
