फिरोजपुर मंडल में ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ अभियान के तहत स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियां आयोजित।
- 14 Views
- kakkar.news
- May 21, 2026
- Punjab
फिरोजपुर मंडल में ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ अभियान के तहत स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियां आयोजित।
फिरोजपुर 15 मई 2026 (अनुज कक्कड़ टीनु)
फिरोजपुर मंडल द्वारा 15 मई से 5 जून तक ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 मई से 21 मई तक “स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन अभियान” चलाया गया, जिसके तहत रेलवे स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किए गए।
अभियान के दौरान यात्रियों को कचरा पृथक्करण, स्वच्छता तथा प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति जागरूक किया गया। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कचरा पृथक्करण हेतु डस्टबिन स्थापित किए गए हैं, ताकि यात्री सूखे एवं गीले कचरे का उचित निस्तारण कर सकें। जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्टेशनों पर बैनर, पोस्टर एवं पंफलेट के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियानों में पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन, इंजीनियरिंग विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है ताकि स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
दिनांक 21 मई को प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल कटलरी के उपयोग को प्रोत्साहित करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशनों पर स्थित खान-पान स्टॉलों पर वेंडरों एवं पैंट्रीकारों में बायोडिग्रेडेबल तथा गैर-प्लास्टिक कटलरी के उपयोग को प्रोत्साहित किया गया।
फिरोजपुर मंडल सभी यात्रियों एवं नागरिकों से अपील करता है कि वे स्वच्छ एवं हरित रेलवे परिसर बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।
