रेलयात्रियों में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा: फिरोजपुर मंडल में डिजिटल लेनदेन में उल्लेखनीय वृद्धि।
- kakkar.news
- July 27, 2026
- Punjab
रेलयात्रियों में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा: फिरोजपुर मंडल में डिजिटल लेनदेन में उल्लेखनीय वृद्धि।
फ़िरोज़पुर 27 जुलाई 2026(अनुज कक्कड़ टीनु)
फिरोजपुर मंडल द्वारा रेलयात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग के लिए प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न प्रभावी कदम उठाए गए हैं। यात्रियों को डिजिटल भुगतान अपनाने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष रूप से डिजिटल भुगतान हेतु बुकिंग खिड़कियाँ भी निर्धारित की गई हैं, जिससे लेन-देन तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बनती हैं और भीड़ प्रबंधन बेहतर होता है। इसके साथ ही नकदी पर निर्भरता घटती है, यात्रियों को सुविधा मिलती है और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलता है। इसके अलावा, “रेलवन” ऐप के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर व्यापक अभियान भी चलाया जाता है। इन प्रयासों के फलस्वरूप, फिरोजपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर डिजिटल लेनदेन, विशेष रूप से यूपीआई भुगतान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों जैसे लुधियाना, जलंधर सिटी, जलंधर कैंट, अमृतसर और फिरोजपुर कैंट स्टेशनों पर अप्रैल से जून 2026 के दौरान प्रतिदिन औसतन डिजिटल लेन-देन 15% से अधिक रहा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील कि वे डिजिटल माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग करें, जिससे टिकटिंग प्रक्रिया को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके। मंडल के डिजिटल जागरूकता अभियानों का सकारात्मक प्रभाव पड़ा है और यात्रियों में डिजिटल भुगतान के प्रति ट्रेंड लगातार बढ़ रहा है।
