फिरोजपुर मंडल के प्राइमरी ट्रेनों में ‘रेलवन ऐप’ के स्टीकर लगाकर प्रचार-प्रसार अभियान तेज
- 18 Views
- kakkar.news
- March 16, 2026
- Punjab
फिरोजपुर मंडल के प्राइमरी ट्रेनों में ‘रेलवन ऐप’ के स्टीकर लगाकर प्रचार-प्रसार अभियान तेज
फिरोजपुर 16 मार्च 2026 (अनुज कक्कड़ टीनु)
उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने रेलयात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस पहल के तहत मंडल के अंतर्गत चलने वाली सभी प्राइमरी ट्रेनों में ‘रेलवन ऐप’ के स्टीकर लगाए जा रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान ही यात्रियों को इस सुविधा के बारे में जानकारी मिल सके। अभियान के अंतर्गत ट्रेन स्टाफ द्वारा भी यात्रियों को ‘रेलवन ऐप’ की विभिन्न सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके माध्यम से यात्री अपने स्मार्टफोन पर ही टिकट बुकिंग, अनारक्षित टिकट, डिजिटल भुगतान सहित कई अन्य रेलवे सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। ‘रेलवन ऐप’ के माध्यम से टिकट लेने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत तक का बोनस भी प्रदान किया जाता है, जिससे यात्रियों में डिजिटल टिकटिंग के प्रति रुचि बढ़ रही है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि ट्रेनों पर लगाए गए ‘रेलवन ऐप’ के स्टीकर के माध्यम से रेलयात्रियों को डिजिटल टिकटिंग और ऑनलाइन सेवाओं के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘रेलवन ऐप’ की बढ़ती लोकप्रियता के चलते इसके उपयोगकर्ताओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है। फिरोजपुर मंडल का प्रयास है कि अधिक से अधिक रेलयात्री इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ें और डिजिटल सेवाओं का लाभ सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से उठायें।
