अब क्यूआर कोड से कर सकेंगे अधिकृत वेंडरों की पहचान
- 41 Views
- kakkar.news
- March 24, 2026
- Punjab
अब क्यूआर कोड से कर सकेंगे अधिकृत वेंडरों की पहचान
फिरोजपुर 24 मार्च 2026 (अनुज कक्कड़ टीनु)
यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने ट्रेनों में अनधिकृत वेंडिंग पर कड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में, फिरोजपुर मंडल ने अपने सभी अधिकृत कैटरिंग वेंडरों के लिए क्यूआर कोड युक्त आईडी कार्ड अनिवार्य कर दिया है।
रेलयात्री अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर वेंडर की पहचान एवं प्रामाणिकता तुरंत जांच सकेंगे, जिससे पारदर्शिता और विश्वास बढ़ेगा। स्कैन करने पर वेंडर का नाम,पता, स्टॉल संख्या,सत्यापन एवं अन्य आवश्यक विवरण उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही, खाद्य पैकेट्स पर भी क्यूआर कोड अंकित किए जा रहे हैं, जिससे भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जानकारी मिल सकेगी। इस व्यवस्था से अनधिकृत वेंडरों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी तथा खानपान संबंधी शिकायतों में भी कमी आएगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि यह पहल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं बेहतर सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
