फिरोजपुर मंडल द्वारा ‘रेलवन ऐप’ का व्यापक प्रचार-प्रसार।
- 8 Views
- kakkar.news
- June 19, 2026
- Punjab
फिरोजपुर मंडल द्वारा ‘रेलवन ऐप’ का व्यापक प्रचार-प्रसार।
फ़िरोज़पुर 18 जून 2026 (अनुज कक्कड़ टीनु)
भारतीय रेलवे की डिजिटल सेवाओं को आम यात्रियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल द्वारा ‘रेलवन ऐप’ के व्यापक प्रचार-प्रसार का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्थापित एलईडी स्क्रीन, वीडियो वॉल तथा ड्यूल डिस्प्ले इंफॉर्मेशन सिस्टम (डीडीआईएस) के माध्यम से यात्रियों को ऐप की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के दौरान रेलयात्रियों को बताया जा रहा है कि ‘रेलवन ऐप’ के जरिए आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग, डिजिटल भुगतान तथा रेलवे की अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ घर बैठे स्मार्टफोन पर प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही ऑनलाइन लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए यात्रियों को ऐप के उपयोग हेतु प्रेरित किया जा रहा है।
विशेष रूप से अनारक्षित टिकट ‘रेलवन ऐप’ के माध्यम से लेने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट का लाभ भी मिलता है। स्टेशनों पर प्रदर्शित डिजिटल संदेशों के जरिए इस सुविधा के बारे में व्यापक जागरूकता पैदा की जा रही है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री बसंत कुमार ने बताया कि अमृतसर, जलंधर सिटी, जलंधर कैंट, लुधियाना, ब्यास, फिरोजपुर कैंट, फगवाड़ा सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और बढ़ती जागरूकता के कारण ‘रेलवन ऐप’ के उपयोगकर्ताओं की संख्या में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है।
